



भागलपुर में बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के बैनर तले राजस्व कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरना कार्यक्रम जिलाधिकारी कार्यालय के पीछे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारियों ने भाग लिया।
धरना दे रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि राज्य के सभी राजस्व कर्मचारियों को शीघ्र उनके गृह जिला में पदस्थापित किया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से दूर-दराज के जिलों में तैनाती के कारण उन्हें पारिवारिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके साथ ही कर्मचारियों ने ग्रेड पे बढ़ाने की मांग को भी जोरदार तरीके से उठाया। उनका कहना है कि वर्तमान में उन्हें मात्र 1900 रुपये का ग्रेड पे दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के अनुपात में अत्यंत कम है। इसे बढ़ाकर 2800 रुपये किए जाने की मांग की गई।

राजस्व कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।
















