



नवगछिया : मद्यनिषेध कानून को सख्ती से लागू करने के क्रम में नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। गुरुवार को भवानीपुर थाना पुलिस ने पुआल लदे एक ट्रैक्टर से कुल 756 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इस दौरान ट्रैक्टर चालक, जो विधि विरुद्ध बालक बताया जा रहा है, को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भवानीपुर थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रैक्टर चालक बिहपुर की ओर से अवैध रूप से बड़ी मात्रा में शराब लेकर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए भवानीपुर थाना की पुलिस टीम ने एनएच-31 स्थित थाना के सामने वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के क्रम में ट्रैक्टर पर लदे पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। कुल 756 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक को निरुद्ध किया गया है। चालक के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
इस संबंध में भवानीपुर थाना कांड संख्या 35/26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा 30(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

परबत्ता थाना क्षेत्र में भी शराब बरामद
इसी क्रम में परबत्ता थाना पुलिस ने भी गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम जमुनिया में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान नरेश साव के घर से कुल 5.95 लीटर देशी शराब बरामद की गई।

इस मामले में परबत्ता थाना कांड संख्या 12/26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।













