



भागलपुर।
जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्टा के समीप एनएच-80 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर कुछ दूरी तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बाइक चालक की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।

घायलों की पहचान सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के बैंकठपुर निवासी धर्मेंद्र मंडल के रूप में हुई है। घायल धर्मेंद्र मंडल के पुत्र कर्ण कुमार ने बताया कि वे अपने पिता के साथ बाइक से बाजार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने लापरवाही से उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















