



नवगछिया : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं एचएलएफपीपीटी के संयुक्त तत्वावधान में खरीक टोल प्लाज़ा पर 01 फरवरी 2026 से 12 फरवरी 2026 तक टोल कर्मियों के लिए 12 दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र में टोल प्लाज़ा पर कार्यरत सभी कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टोल कर्मियों की कार्यकुशलता को बढ़ाना, उनके व्यवहार कौशल को विकसित करना, यातायात प्रबंधन को अधिक सुव्यवस्थित बनाना तथा यात्रियों के प्रति ग्राहक सेवा को और बेहतर करना था। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक कुमार कुशन और सत्यम कुमार ने प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों, डिजिटल भुगतान प्रणाली, सेवा गुणवत्ता सुधार एवं संचार कौशल से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त कर्मियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में निर्णय लेने और समन्वय स्थापित करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।

खरीक टोल प्लाज़ा के प्रबंधक अंजनी पाण्डेय और रवि शर्मा ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से न केवल कर्मियों की दक्षता में वृद्धि होती है, बल्कि यात्रियों को भी सुरक्षित, सुगम और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित होती हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सेवा स्तर को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
















