



भागलपुर : राज्य सरकार के “7 निश्चय-3 से बढ़ेगा अपना बिहार” कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” पहल के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान लगभग 70 आवेदनों पर विचार किया गया, जिनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन और भूमि विवाद से संबंधित मामले शामिल थे।

सुनवाई के दौरान एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर पहुंचकर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखी, जिस पर अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं नियमसंगत निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम लोगों को समय पर राहत मिल सके।

कार्यक्रम के तहत उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) सहित जिला, प्रखंड, अंचल तथा थाना स्तर के सभी अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में आम जनता की शिकायतों की सुनवाई की। विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर शिकायतकर्ताओं के आवेदनों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा उन्हें प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई गई। साथ ही नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल तथा शौचालय की सुविधा भी सभी संबंधित कार्यालय परिसरों के समीप उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन भागलपुर द्वारा आयोजित इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को और सशक्त बनाना है।














