



भागलपुर के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगवारा गांव में बारात के दौरान हुई फायरिंग में 12 वर्षीय सनी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सनी कुमार, पिता तनिक लाल यादव, बगवारा गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बगवारा गांव से एक बारात गोराडीह की ओर जा रही थी। इसी दौरान सनी कुमार बारात देखने के लिए घर से बाहर निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बारात में कुछ लोगों द्वारा हर्ष फायरिंग की जा रही थी। इसी क्रम में चली गोली सनी कुमार के दोनों पैरों में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए एक निजी क्लीनिक ले जाया गया। क्लीनिक संचालक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर लोदीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज (मायागंज अस्पताल) रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल बच्चे के परिजनों ने आरोप लगाया है कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति इंद्रदेव कुमार है, जो जीछो बाईपास क्षेत्र में गार्ड का काम करता है। परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













