


नवगछिया पुलिस जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दयालपुर चौक के समीप एनएच-31 पर रविवार दोपहर करीब एक बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी वार्ड संख्या-6 निवासी 23 वर्षीय मनीष राय उर्फ बुल्ली (पिता – शंकरी राय) तथा तेलघी लंकाटोला वार्ड संख्या-2 निवासी 24 वर्षीय विनीत कुमार (पिता – पंकज कुमार सिंह) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मनीष की बुलेट बाइक से जयरामपुर मैदान क्रिकेट मैच देखने गए थे। मैच समाप्त होने के बाद वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान दयालपुर चौक के पास नवगछिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे मनीष राय उर्फ बुल्ली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनीत कुमार को तत्काल इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मनीष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। बाद में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त खाली ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, मनीष दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था तथा इंटर की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं विनीत कुमार दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था और स्नातक का छात्र था। उसके पिता भी खेतीबाड़ी से परिवार चलाते हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों घरों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा यातायात थाना नवगछिया में आवेदन देने की प्रक्रिया जारी है। मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












