0
(0)

बाल भारती में क्रिएटिव टैलेंट हंट के प्रतिभागियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

नवगछिया शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बाल भारती में गुरुवार को जीएस न्यूज़ द्वारा आयोजित क्रिएटिव टैलेंट हंट के प्रतिभागियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह अवार्ड शो का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के चेतना सत्र के दौरान आयोजित हुआ, जिसमें प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव अभय प्रकाश मुनका, कार्यकारिणी सदस्य नरेश केडिया, विद्यालय के प्राचार्य कौशल किशोर जयसवाल एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।

क्रिएटिव टैलेंट हंट प्रतियोगिता में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा UKG से नवम तक के 208 छात्र-छात्राओं को सर्टिफिकेट, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करना था।

समारोह का सफल संचालन जीएस न्यूज़ के संपादक बरुण बाबुल ने किया। उन्होंने अपने संचालन के दौरान विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और सकारात्मक दिशा में प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक उत्साह और अनुशासन का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव अभय प्रकाश मुनका ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जीएस न्यूज़ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यकारिणी सदस्य नरेश केडिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानना और उन्हें मंच देना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की प्रशंसा की।

विद्यालय के प्राचार्य कौशल किशोर जयसवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के अंदर नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। सम्मान समारोह ने विद्यार्थियों के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान की और पूरे विद्यालय परिसर को गौरव और खुशी के माहौल से भर दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: