



भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला टीओपी के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टैंकर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने टैंकर से कुल 3773.625 लीटर विदेशी शराब जब्त की है, जिसे भारत पेट्रोलियम के सफेद रंग के टैंकर में छुपाकर ले जाया जा रहा था।

सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भागलपुर की ओर से एक टैंकर में अवैध शराब लोड कर नवगछिया की दिशा में भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर विक्रमशिला टीओपी के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान संदिग्ध टैंकर को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और पूर्व में भी शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने संकेत दिया कि शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।













