



नवगछिया : कटिहार–बरौनी रेलखंड स्थित नवगछिया रेलवे स्टेशन के उत्तरी दिशा में अवस्थित पार्किंग स्टैंड की ई-निविदा 25 फरवरी को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। यह निविदा सोनपुर मंडल की ओर से पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया के तहत आयोजित की गई, जिससे रेलवे को प्रतिवर्ष 5,53,855 रुपये का वार्षिक लाइसेंस शुल्क प्राप्त होगा।

मंडल प्रशासन के अनुसार जीएसटी सहित आगामी तीन वर्षों में लगभग 19.60 लाख रुपये का कुल रेल राजस्व अर्जित होने की संभावना है। रेल प्रशासन ने बताया कि पार्किंग स्टैंड के सुव्यवस्थित संचालन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक सोनपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पार्किंग स्टैंडों की ई-नीलामी से कुल 4 करोड़ 95 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया जा चुका है।

सोनपुर मंडल प्रशासन ने भविष्य में राजस्व वृद्धि, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था को प्राथमिकता देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। नवगछिया स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ होने से स्थानीय यात्रियों एवं वाहन चालकों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।















