



नवगछिया के जीरो माइल के पास गुरुवार को पिकअप वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में मां-बेटे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत बैसाता निवासी कारेलाल शर्मा के पुत्र पुदीस कुमार (22) एवं उनकी माता पाटो देवी (43) के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार मां-बेटे बाइक से नवगछिया के तेतरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जीरो माइल के पास एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।















