


नवगछिया सहित बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर भाजपा विधायक इं. शैलेंद्र ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाओं का मुख्य कारण वाहन चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करना है। विधायक ने लोगों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील भी की।
विधायक ने बताया कि खगड़िया से पूर्णिया तक एनएच-31 को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क बनने के बाद दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम होगा।
विधायक ने कहा कि गंगा पर बना विक्रमशिला सेतु दक्षिण बिहार और झारखंड को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, वहीं बिहपुर से वीरपुर (नेपाल सीमा) तक बन रहे एनएच-106 पुल एवं सड़क निर्माण से अंग प्रदेश का यह इलाका सीधे मिथिला क्षेत्र से जुड़ जाएगा। वर्तमान में एनएच-31 पर वाहनों का अत्यधिक दबाव है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत के बाद जानकारी मिली है कि खगड़िया से पूर्णिया फोरलेन परियोजना का डीपीआर तैयार हो चुका है। लगभग 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए कुल 890 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें 770 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध है, जबकि 120 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1300 करोड़ रुपये बताई गई है।
यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना खगड़िया से शुरू होकर महेशखूंट, नारायणपुर, बिहपुर, नवगछिया और कुर्सेला होते हुए पूर्णिया तक जाएगी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि राज्य के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री सह भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल से चर्चा के बाद विधायक ने कहा कि फोरलेन निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके साथ ही क्षेत्र को पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस हाईवे का भी लाभ मिलेगा, जो आगे इसी मार्ग से जुड़ेगा और क्षेत्र में विकास को नई गति देगा।














