



भागलपुर। शहर के मंदरोज़ा स्थित खाटू श्याम मंदिर भवन में श्याम भक्त मंडल एवं श्याम भक्त मंडल न्यास के तत्वावधान में पारंपरिक फाल्गुनोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

फाल्गुनोत्सव के प्रथम दिन स्थानीय गोशाला प्रांगण से भव्य निशांत शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालु श्याम बाबा के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन और नृत्य के साथ नगर भ्रमण करते हुए मंदरोज़ा स्थित मंदिर परिसर पहुंचे। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरे शहर में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
आयोजकों के अनुसार शोभा यात्रा शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और भजन संध्या का आयोजन किया गया। शाम 8 बजे से बाबा के ज्योत एवं कीर्तन कार्यक्रम आयोजित हुए। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का भी सहयोग रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी फाल्गुनोत्सव को भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिला।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य संतोष अग्रवाल, प्रशांत केजरीवाल, सुरेश मोहता, पवन मेहता, पवन भालोटिया, शिव शंकर, नवल मित्तलवाला, अंकुर चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।














