



नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के पचगछिया गांव से शुक्रवार शाम एक मासूम बच्चे के अचानक लापता होने की घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में चिंता और दहशत का माहौल बन गया है। बच्चे के घर नहीं लौटने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी उसकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पचगछिया गांव निवासी लक्ष्मण मंडल का 7 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार रोज की तरह शुक्रवार शाम ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था। परिजनों के अनुसार वह निर्धारित समय पर घर लौट आता था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं पहुंचने पर परिवार वालों को चिंता होने लगी।

शुरुआत में परिजनों ने आसपास के इलाकों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों के यहां बच्चे की काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं भी उसका कोई पता नहीं चल सका। काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही देर शाम गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश जारी है।

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि बच्चे की खोज के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है। स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया जा रहा है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि बच्चे को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।
बच्चे के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर बच्चे को सुरक्षित खोज निकालने की मांग की है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत थाना को सूचित करें।














