


नवगछिया । नवगछिया मध निषेध थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खरीक टोल प्लाजा के समीप एक डीसीएम ट्रक से शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई। इस कार्रवाई में ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
मध निषेध थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक डीसीएम ट्रक के माध्यम से अवैध विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने खरीक टोल प्लाजा के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक संख्या बीआर 25 जी 4344 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
तलाशी के दौरान ट्रक से रॉयल मेंशन गोल्ड व्हिस्की ब्रांड की शराब बरामद की गई। इसमें 750 एमएल के 272 कार्टन, 375 एमएल के 390 कार्टन तथा 180 एमएल के 28 कार्टन शामिल हैं। कुल मिलाकर 690 कार्टनों में 6,199.920 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। शराब को ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा था, ताकि जांच से बचा जा सके।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक विक्रम महतो को गिरफ्तार किया, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दालकोला थाना क्षेत्र अंतर्गत परसरा गांव का निवासी है। चालक के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।
इस संबंध में नवगछिया मध निषेध थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।












