


भागलपुर: बिहार पुलिस के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह 2025–26 के तहत पूर्वी क्षेत्र भागलपुर के कुल 27 पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। यह गरिमामय समारोह भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि के रूप में महानिरीक्षक विवेक कुमार ने चयनित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में भागलपुर, बांका एवं नवगछिया जिले के पुलिस पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर महानिरीक्षक विवेक कुमार ने कहा कि यह सम्मान उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय कार्यों के लिए दिया जाता है। उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारियों से भविष्य में भी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर प्रमोद कुमार, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक सहित टीएसपी एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
नवगछिया से सम्मानित पदाधिकारी:
नवगछिया से पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश, रवि शंकर सिंह, मिथिलेश कुमार, अमित कुमार, रवि कुमार पाल, सूरज कुमार सिंह, अश्विनी सिंह, सुजीत सिंह, अमित कुमार, मुकेश शर्मा, शैलेश कुमार, राजेश कुमार एवं सुनील कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बांका से सम्मानित पदाधिकारी:
बांका जिले से राकेश कुमार, राजेश कुमार, विकास कुमार एवं सुनील कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया।
भागलपुर से सम्मानित पदाधिकारी:
भागलपुर जिले से राकेश कुमार, राजीव रंजन सिंह, रंजीत कुमार, दीपक पासवान, जितेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में महानिरीक्षक विवेक कुमार ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए इस प्रकार के सम्मान आवश्यक हैं। इससे अन्य कर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आगामी होली पर्व को लेकर शहरवासियों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की तथा पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सतर्क रहने का निर्देश दिया।
यह समारोह पुलिस विभाग के लिए गौरव का क्षण रहा, जहां उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों के योगदान को सम्मानित कर सराहा गया।















