



नवगछिया स्थित राजकीय लक्ष्मी कन्या मध्य विद्यालय की प्राचार्य इंद्रा कुमारी के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय शिक्षक सोमेश कुमार ने की।
समारोह की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत एवं विदाई गीत की प्रस्तुति से हुई। भावुक माहौल के बीच छात्राओं ने अपनी प्रिय प्राचार्य को गीतों के माध्यम से शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि मुकेश राणा ने इंद्रा कुमारी को शिक्षा क्षेत्र में उनके समर्पित योगदान के लिए धार्मिक ग्रंथ एवं बुके देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इंद्रा कुमारी का शैक्षणिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मोतीलाल मंडल ने किया। समारोह के दौरान नये प्राचार्य सोमेश कुमार ने पदभार ग्रहण किया, जिनका विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में प्राचार्य बलराम रजक, शिक्षिका नीतू कुमारी, पुष्पा कुमारी, मणिमाला कुमारी सहित अन्य शिक्षकगण, ज्योति कुमारी, राजकुमारी देवी, सुमित्रा देवी, सुनीता देवी तथा विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में इंद्रा कुमारी के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। अंत में इंद्रा कुमारी ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। समारोह भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।














