


नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक मारपीट में बदल गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। हालांकि समय पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम की सक्रियता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और क्षेत्र में शांति बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनिया मोड़ निवासी प्रीतम कुमार (पिता–अवधेश शाह) कार से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आशीष कुमार और छोटू कुमार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि बाइक सवारों ने कार का पीछा कर प्रीतम कुमार को रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। झड़प के दौरान तीनों लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में शामिल राहुल राज, सिपाही संजय यादव और चालक सुनील कुमार ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले को संबंधित थाना को सौंप दिया है। पुलिस की त्वरित और संतुलित कार्रवाई से संभावित बड़ा विवाद टल गया।













