0
(0)

नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरवा गांव में शनिवार देर रात मॉब लिंचिंग की कोशिश की एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने बकरी चोरी के संदेह में कार से घूम रहे चार युवकों को पकड़ लिया और कानून को हाथ में लेते हुए उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

जानकारी के अनुसार पूर्णिया जिले के मधुबनी निवासी मु. जाहिद के पुत्र टीपू अंसारी, मु. आजाद के पुत्र सरफराज खान, मु. लुढ़ो के पुत्र समीर तथा कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र निवासी जितन यादव के पुत्र रुपेश कुमार चार पहिया वाहन से नवगछिया प्रखंड के खगड़ा पंचायत अंतर्गत बोरवा गांव के पास घूम रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन पर बकरी चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिना किसी ठोस सबूत या पूछताछ के उग्र भीड़ ने लाठी-डंडों से चारों युवकों पर हमला कर दिया। पिटाई इतनी गंभीर थी कि सभी के सिर फट गए और शरीर पर गहरे जख्म हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने चारों युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने बकरी चोरी के संदेह में युवकों की पिटाई की है, लेकिन तलाशी के दौरान उनके पास से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ। मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: