


भागलपुर। पूरे देश के साथ-साथ भागलपुर में भी रंगों के त्योहार होली का उत्साह चरम पर है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक होलिका दहन का आयोजन किया गया। खासकर ग्रामीण इलाकों में उत्सव का विशेष उल्लास देखने को मिला।
ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक विधि-विधान के साथ पहले होली का भजन-कीर्तन किया गया और भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद देर रात तक होली गीतों की धुन पर लोग झूमते और नाचते नजर आए। वातावरण में उत्साह, उमंग और भाईचारे की भावना स्पष्ट दिखाई दी।
भागलपुर के सुल्तानगंज प्रखंड के रघुचक अन्नहार गांव में भी होली का उल्लास देखते ही बन रहा था। यहां ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से होलिका दहन किया और पारंपरिक लोकगीतों के साथ होली का जश्न मनाया। ढोल, झाल और मंजीरे की थाप पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी मस्ती में सराबोर दिखे। महिलाओं ने भी पारंपरिक होली गीत गाकर माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसी भावना के साथ गांव में हर वर्ष पारंपरिक अंदाज में होली मनाई जाती है।
जिले भर में होलिका दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे लोग निश्चिंत होकर त्योहार का आनंद ले सके।












