
एनएच-31 पर प्रेसिडेंसी स्कूल के समीप दंपती से हुई थी लूट, दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने पांच साल पुराने लूटकांड में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुराबगंज निवासी नंदकिशोर यादव उर्फ नटराज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित ने अपने एक साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में शामिल दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे दंपती से हुई थी लूट

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि नवगछिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर प्रेसिडेंसी स्कूल के समीप बाइक सवार 2 अज्ञात अपराधियों ने एक दंपती से 68 हजार रुपये लूट लिए थे। दंपती नवगछिया के एक बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था।
घटना के बाद पीड़िता के बयान पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 249/21 दर्ज किया गया था। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने लूटकांड में संलिप्तता के आरोप में नंदकिशोर यादव उर्फ नटराज को गिरफ्तार किया।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कटिहार जिले के मनिहारी थाना में वर्ष 2017 और 2025 में चोरी के प्रयास से संबंधित मामले दर्ज हैं। इसके अलावा भवानीपुर थाना कांड संख्या 329/21 और गोपालपुर थाना कांड संख्या 229/21 में भी लूट के आरोप हैं।
वहीं, नवगछिया थाना कांड संख्या 264/21 में उसके खिलाफ भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं और स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
दूसरे आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस लूटकांड में शामिल दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।















