



नवगछिया थाना क्षेत्र के जगतपुर इलाके में एक हृदयविदारक हादसा हुआ। करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान करण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज़ की तरह सुबह अपने खेत में सिंचाई करने गए थे।

जानकारी के अनुसार, खेत में काम करने के बाद जब करण घर लौट रहे थे, तो रास्ते में उनका पैर फिसल गया। संतुलन बनाने के लिए उन्होंने पास में पड़े एक नंगे तार को पकड़ लिया, जिसमें उन्हें पता नहीं था कि बिजली का करंट दौड़ रहा है। करंट लगते ही करण जोर-जोर से चीखने लगे और उनके शरीर से धुआं उठता दिखाई दिया। यह देख आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दंग रह गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि पास में रहने वाले मंशा शेख ने नीलगाय को पकड़ने के लिए अवैध रूप से खेत में बिजली का तार बिछाया था। नीलगाय तो नहीं फंसी, लेकिन इस लापरवाही ने एक निर्दोष युवक की जान ले ली।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मामले में दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।















