


नवगछिया । बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-23 सीनियर पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के अंगिका जोन का आयोजन 10 मार्च से भागलपुर के सैंडिस मैदान में शुरू होगा। इस प्रतियोगिता के लिए नवगछिया क्रिकेट एकेडमी के दो खिलाड़ियों का चयन होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सधवा गांव निवासी देवकांत का चयन बांका अंडर-23 टीम में किया गया है। देवकांत दाएं हाथ के लेग स्पिन गेंदबाज हैं और अपनी गेंदबाजी से कई प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं नवगछिया क्रिकेट एकेडमी के ही खिलाड़ी विश्वजीत कुमार उर्फ लक्की का चयन भागलपुर अंडर-23 टीम में हुआ है। लक्की एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं और लगातार अभ्यास के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
दोनों खिलाड़ी नवगछिया क्रिकेट एकेडमी में नियमित रूप से प्रशिक्षण और अभ्यास करते हैं। उनके चयन से एकेडमी के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह खिलाड़ियों को अवसर और मार्गदर्शन मिलता रहा तो आने वाले समय में इस क्षेत्र से और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
खिलाड़ियों के चयन पर नवगछिया क्रिकेट एकेडमी के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। साथ ही एकेडमी के अन्य खिलाड़ियों से भी नियमित रूप से अभ्यास कर आगे बढ़ने की अपील की गई।
इस अवसर पर नवगछिया क्रिकेट एकेडमी के अध्यक्ष राजेश कुमार झा, सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव एवं टीम ओनर निलेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार बब्बू, निर्देशक निखिल रंजन, पंकज कुमार, कोच अवनीश कुमार, अनुराग साह, बबलू कुमार सहित अन्य सदस्यों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।














