


भागलपुर जिले के एकचारी थाना क्षेत्र के गंगा पार एकचारी दियारा में खेत में पटवन (सिंचाई) करने गए एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान बबूल मंडल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बबूल मंडल गंगा पार एकचारी दियारा स्थित अपने खेत में पटवन करने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक को तीन गोलियां मारी गईं। एक गोली उसके सीने में, दूसरी दाहिने बाजू में और तीसरी गोली उसके गाल में लगी थी। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग भी सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए
जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल भेज दिया है। वहीं न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। मृतक के परिजनों ने बताया कि गंगा से निकली जमीन की बंटाईदारी को लेकर गांव में पहले से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।















