


भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के दोगच्छी बायपास मोड़ के आगे सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से दूध से भरा कंटेनर पलट गया, जिससे उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के फतेहपुर निवासी 26 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक दूध से भरा कंटेनर लेकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर सड़क पर पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है .















