


नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के कुख्यात और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन ने इनाम की घोषणा की है। भागलपुर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार ने कई वांछित अपराधियों पर इनाम घोषित किया है, ताकि उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपालपुर थाना क्षेत्र के लत्तरा निवासी कुख्यात छोटुआ के भाई रौशन यादव पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। रौशन यादव छह संगीन आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार द्वारा भागलपुर के पुलिस महानिरीक्षक को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसके बाद इनाम की स्वीकृति प्रदान की गई।
इसी प्रकार भवानीपुर थाना क्षेत्र के मौजमाबाद निवासी डब्लू चौधरी पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। डब्लू चौधरी दो आपराधिक मामलों में फरार बताया जा रहा है।
वहीं खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के भैड़िया दियारा निवासी गुड्डु पासवान पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। गुड्डु पासवान चार संगीन मामलों में फरार चल रहा है। इस पर इनाम की घोषणा नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार द्वारा की गई है।
इसके अतिरिक्त रंगरा थाना क्षेत्र के सधुआ निवासी भगता मंडल उर्फ अरुण मंडल पर 25 हजार रुपये तथा रंगरा थाना क्षेत्र के झल्लुदास टोला निवासी श्रवण मंडल पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। भगता मंडल दो मामलों में जबकि श्रवण मंडल चार मामलों में फरार चल रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इन अपराधियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार घोषित इनाम की राशि भी प्रदान की जाएगी।













