


लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
भागलपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में 14 मार्च को भागलपुर में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में बिजली विभाग से जुड़े मामले, बैंक से संबंधित विवाद, यातायात चालान सहित विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। इसके तहत भागलपुर व्यवहार न्यायालय में 20 पीठ, कहलगांव में 2 पीठ और नवगछिया में 5 पीठ का गठन किया जाएगा, जहां अलग-अलग प्रकार के मामलों की सुनवाई कर उनका निष्पादन किया जाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर से लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर भागलपुर के प्रधान न्यायाधीश सहित कई न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह प्रचार वाहन शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी जाकर लोगों को लोक अदालत के बारे में जानकारी देगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मामलों का त्वरित और सुलभ निपटारा करा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव रंजीता कुमारी ने लोगों से अपील की है कि वे लोक अदालत का लाभ उठाकर आपसी समझौते के माध्यम से अपने लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराएं।















