


चौबीस घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार, जमीन बटाई के विवाद में हुई थी हत्या
भागलपुर। एकचारी थाना क्षेत्र के एकचारी दियारा में हुए बबलू मंडल हत्याकांड का पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
बताया जा रहा है कि बबलू मंडल खेत में पटवन करने के लिए गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मामले का खुलासा करते हुए भागलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जमीन बटाई को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मृतक बबलू मंडल और आरोपियों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले में मनोज कुमार मंडल, शंभू कुमार, बबलू मंडल और सूरज कुमार को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो देशी बंदूक, उन्नीस जिंदा कारतूस और आठ खोखा भी बरामद किए हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।















