


राम नवमी और ईद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
नवगछिया पुलिस केंद्र में बुधवार को फरवरी 2026 माह की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने की। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्षित पुलिस उपाधीक्षक, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, नवगछिया और बिहपुर के अंचल निरीक्षक, सभी थानाध्यक्ष तथा कार्यालय के विभिन्न शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी राम नवमी और ईद पर्व को ध्यान में रखते हुए विधि-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
गोष्ठी के दौरान विभिन्न मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इसमें लंबित कांडों, वारंट और कुर्की से संबंधित मामलों के निष्पादन, भूमि विवाद से जुड़े मामलों की प्रगति, विधिक धाराओं के अंतर्गत की गई कार्रवाई तथा फरार आरोपियों की स्थिति पर चर्चा की गई।
इसके अलावा हत्या, लूट, गृहभेदन, लैंगिक अपराध और अनुसूचित जाति तथा जनजाति से संबंधित गंभीर मामलों की भी समीक्षा की गई। शराब और अवैध हथियारों की बरामदगी, जब्त वस्तुओं के विनष्टिकरण, पुलिस सत्यापन प्रतिवेदन और जनता से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
बैठक में जेल से छूटे अपराधियों का सत्यापन कर उन पर निगरानी रखने, तीन सौ दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं की निगरानी रखने और अफवाहों पर नियंत्रण के लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।















