


पुलिस की विशेष टीम ने किया मामले का खुलासा, एक आरोपी के पास से मादक पदार्थ भी मिला
नवगछिया । भवानीपुर थाना से चोरी हुई मैगजीन और कारतूस के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में थाना में कार्यरत निजी रसोइया सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए हथियारों के उपकरण बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार सात मार्च दो हजार छब्बीस को भवानीपुर थाना में तैनात हवलदार दिलीप कुमार जब अवकाश से लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके बैग में रखा दो मैगजीन और पैंतीस कारतूस गायब हैं। इस संबंध में भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
जांच के दौरान थाना में कार्यरत निजी रसोइया सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुए दो मैगजीन और पैंतीस कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपी दिवाकर यादव के पास से पंद्रह ग्राम स्मैक भी बरामद की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंभीर कुमार, दिवाकर यादव और राजन कुमार के रूप में की है। तीनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में हवलदार द्वारा शस्त्र के रख-रखाव में लापरवाही बरतने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सामान्य जीवन यापन भत्ता पर पुलिस केंद्र वापस भेज दिया गया है।














