
श्रीमद्भागवत कथा के मंच पर दिखी अद्भुत कला, तालियों से गूंज उठा गोसाईगांव
नवगछिया। गोसाईगांव गंगा तट पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन भगवान गणेश की मनमोहक झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकी गांव के ही जगत लाल यादव ने अपने हाथों से तैयार की थी। जैसे ही मंच पर पर्दा हटा और भगवान गणेश का स्वरूप सामने आया, खुद इसे बनाने वाले जगत लाल यादव हाथ जोड़कर नतमस्तक हो गए।

यह दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। अपनी मेहनत से तैयार की गई झांकी के सामने हाथ जोड़कर खड़े जगत लाल मानो प्रभु से यही प्रार्थना कर रहे थे कि उनकी कलाकारी हमेशा जीवित रहे और उन्हें आगे भी अपनी कला से भगवान की सेवा करने का अवसर मिलता रहे।
उनकी अद्भुत कलाकारी देखकर मंच पर मौजूद श्रद्धालुओं के साथ बच्चे, बुजुर्ग और युवा भी मंत्रमुग्ध हो गए। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोगों ने तालियां बजाकर जगत लाल यादव के हुनर की सराहना की।
गोसाईगांव निवासी जगत लाल यादव, अशोक यादव टेंट वाले के बड़े भाई हैं। उनकी बनाई झांकी ने यह संदेश दिया कि जब हुनर के साथ श्रद्धा जुड़ जाती है, तो कला भी भक्ति का रूप ले लेती है।















