


पार्टी कार्यालय में भव्य अभिनंदन समारोह, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया स्वागत
भागलपुर। जनता दल (यूनाइटेड) ने भागलपुर जिले के लिए नए जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी है। पार्टी नेतृत्व द्वारा विवेकानंद गुप्ता को जदयू का नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखी जा रही है। इस अवसर पर भागलपुर स्थित जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।
अभिनंदन समारोह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद गुप्ता का फूल-मालाओं और बुके देकर जोरदार स्वागत किया। साथ ही मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने नए नेतृत्व को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महेश दास, जदयू कार्यकर्ता सुड्डू साईं, पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल सहित कई वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भागलपुर में जदयू संगठन और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना तथा पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। विवेकानंद गुप्ता ने इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पार्टी कार्यकर्ता करेंगे।















