


करीब 146 एकड़ भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव, 169 रैयतों की जमीन होगी प्रभावित
भागलपुर। पीरपैंती प्रखंड परिसर में प्रस्तावित पावर प्लांट के रेल कॉरिडोर और सड़क निर्माण परियोजना को लेकर सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआईए) से संबंधित जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और एसआईए टीम ने रैयतों से संवाद कर उन्हें भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया, मुआवजा और परियोजना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विक्रम भास्कर झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, बीएसपीजीसीएल के अधिकारी शशिकांत कुमार और दीपक कुमार तथा एसआईए रिसर्च संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मसखूर हुसैन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रैयतों को बताया कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी और प्रभावित लोगों को निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान कई रैयतों ने अपनी शंकाएं और सुझाव समिति के समक्ष रखे। समिति के सदस्यों ने उनके सवालों का जवाब देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई तथा परियोजना से होने वाले संभावित सामाजिक प्रभावों पर भी चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि पावर प्लांट के लिए प्रस्तावित रेल कॉरिडोर और सड़क निर्माण कार्य हेतु लगभग 146 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। इस अधिग्रहण से कुल 169 रैयतों की जमीन प्रभावित होगी। यह जमीन हरिणकोल, बंधु जयराम, बसंतपुर और नगर पंचायत पीरपैंती क्षेत्र में स्थित है।
जनसुनवाई में हरिणकोल के रैयत वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, बसंतपुर के अजय सिंह, कुंजवन्ना के जयंत सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, सोनी सिंह, बमबम सिंह, रत्नेश सिंह, हीरानंद के कांतेश कुंवर, बृजकिशोर कुंवर, शिवनारायण कुंवर और इंदु देवी, बंधु जयराम पंचायत के प्रभु यादव, शिवशंकर यादव, अंकुर कुमार, ब्रजकिशोर, फुलकुमारी देवी तथा नगर पंचायत क्षेत्र के निर्मल शाह, विजय कुमार साह, मो. शरीफ अंसारी, मो. महताब आलम और मो. शमीम सहित अन्य रैयत मौजूद रहे।
इस अवसर पर हरिणकोल के सरपंच वरुण गोस्वामी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी जनसुनवाई में शामिल हुए।















