


मॉडल्स ने तसर साड़ियों के साथ मंजूषा कला और छठ पर्व की झलक प्रस्तुत कर दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
भागलपुर। मंजूषा महोत्सव के अवसर पर आयोजित फैशन शो में अंग क्षेत्र की प्रसिद्ध लोककला और तसर सिल्क का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान मंच पर उतरी मॉडल्स ने तसर सिल्क की साड़ियों पर सजी मंजूषा कला की पारंपरिक आकृतियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
फैशन शो में जब मॉडल्स तसर सिल्क की साड़ियों में मंच पर उतरीं तो साड़ियों पर उकेरी गई मंजूषा कला की सुंदर झलक ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। साड़ी में सजी महिलाओं की गरिमा और पारंपरिक कलात्मक आकृतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
यह फैशन शो केवल फैशन का प्रदर्शन भर नहीं था, बल्कि भागलपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत करने का एक प्रयास भी था। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय कला और परंपरा को नए और आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बिहार के महापर्व छठ की सांस्कृतिक झलक भी प्रस्तुत की गई। मॉडल्स ने छठ पर्व की परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक महत्व को मंच पर जीवंत रूप में दर्शाया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने काफी सराहा।
फैशन शो के माध्यम से भागलपुर की पहचान बनी मंजूषा कला और तसर सिल्क को आधुनिक मंच के जरिए नई पहचान देने का प्रयास किया गया। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलता है तथा इसे व्यापक पहचान मिलती है।















