


22 और 23 मार्च को सैंडिस कंपाउंड के ओपन थियेटर में होगा दो दिवसीय कार्यक्रम
नवगछिया । बिहार दिवस 2026 के सफल और भव्य आयोजन को लेकर गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देश पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि बिहार दिवस का मुख्य कार्यक्रम 22 और 23 मार्च को सैंडिस कंपाउंड स्थित ओपन थियेटर में दो दिवसीय रूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए उप विकास आयुक्त को वरीय पदाधिकारी बनाया गया है।
बिहार दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों में रंग-रोगन कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया है। 22 मार्च को सभी प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी के बाद विद्यालयों में बिहार गौरव गान और बिहार प्रार्थना गीत का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कलाकारों के चयन हेतु उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जो स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देते हुए चयन करेगी। कक्षा 6 से 8 तथा 9 से 12 तक के छात्रों के बीच नृत्य, संगीत और नाटक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि किलकारी के बच्चों के लिए नृत्य, गायन और पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। चयनित प्रतिभागियों को सैंडिस कंपाउंड में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बिहार व्यंजन मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसके नोडल पदाधिकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा शिक्षा विभाग के कला जत्था, किलकारी के बच्चे और प्रखंड स्तर के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। छात्रों को जिले के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर खेल, विज्ञान, साहित्य या अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पुष्पगुच्छ, पौधा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एनसीसी, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बिहार दिवस के आयोजन के लिए अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई, रंग-रोगन और नीले प्रकाश से सजावट करने का निर्देश दिया गया है। सैंडिस कंपाउंड में मंच और पंडाल की व्यवस्था का सत्यापन भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता करेंगे, जबकि साफ-सफाई और जल टैंकर की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती, अग्निशमन वाहन और चलंत एम्बुलेंस/स्वास्थ्य टीम की व्यवस्था भी की जाएगी। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सौंपी गई है।
बैठक में संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।















