


सीओ और पुलिस की रोक के बावजूद जारी निर्माण कार्य, पीड़ित ने एसडीओ से लगाई न्याय की गुहार
नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर वार्ड संख्या-12 में एक भूमिहीन परिवार की बंदोबस्ती जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन शौचालय निर्माण कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि प्रशासन द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद गुरुवार को भी निर्माण कार्य जारी रहा।
पीड़ित अर्जुन तांती (पिता स्व. रामदेव तांती) ने बताया कि वह अल्पसंख्यक एकघरा भूमिहीन परिवार से हैं। वर्ष 2005 में सरकार की ओर से उन्हें छह डिसमिल जमीन बंदोबस्ती में मिली थी। इस जमीन का खाता-209 और खेसरा-443 अंश है, जिसके सभी वैध कागजात उनके पास मौजूद हैं। नारायणपुर अंचल कार्यालय द्वारा मापी-सीमांकन प्रमाण पत्र तथा वर्ष 2025-26 की लगान रसीद भी निर्गत की जा चुकी है।
इसके बावजूद पहाड़पुर निवासी भूटो शर्मा (पिता स्व. नेवालाल शर्मा) तथा उनके पुत्रों पर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से जबरन पक्का शौचालय निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित के अनुसार दबंगों ने जमीन पर बालू, गिट्टी और लकड़ी रख दी है तथा चदरा का घर भी जबरन बना लिया है।
अर्जुन तांती का आरोप है कि विरोध करने पर दबंग लोग घर में घुसकर लाठी-डंडे से मारपीट करते हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी जुलुम शर्मा, एतवारी शर्मा समेत करीब एक दर्जन लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत भवानीपुर थाना में दर्ज है।
पीड़ित ने कहा कि वह मवेशी पालन कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और आर्थिक तंगी के कारण न्याय के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने इस मामले में एसडीओ को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
वहीं नारायणपुर अंचलाधिकारी विशाल अग्रवाल से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि यह अंचल से संबंधित मामला है और कागजात सीओ कार्यालय को भेज दिए गए हैं। उनके निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।















