


भागलपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैजानी में चिन्हित जनसंवाद स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम के लिए बनाए जा रहे पंडाल, मंच तथा स्टॉल के निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। संवेदक ने अधिकारियों को बताया कि पंडाल का निर्माण कार्य रात तक पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को लेकर कई आवश्यक निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, वाहन पार्किंग स्थल तथा हेलीपैड निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा बैजानी स्थित प्राथमिक विद्यालय, मध्य विद्यालय तथा प्लस टू उच्च विद्यालय में साफ-सफाई और रंग-रोगन कार्य का भी निरीक्षण किया गया। जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री बैजानी गांव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के अंतर्गत विवाह मंडप निर्माण का शिलान्यास करेंगे तथा विशाल तालाब का भी अवलोकन करेंगे।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।















