


पटरी पार जलावन लाने जा रही थी महिला, बच्चे को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
नवगछिया में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में मां और उसके मासूम बेटे की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बरौनी–कटिहार रेल मार्ग पर नवगछिया रेलवे स्टेशन के पूर्व स्थित बानिकपुर हाल्ट के समीप दुर्गा मंदिर के आगे ढाला के पास दिन के लगभग 12 बजे घटी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान कोमल देवी (पति मुकेश पंडित) के रूप में हुई है। हादसे में उनका लगभग तीन वर्षीय पुत्र मंत्री कुमार भी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि कोमल देवी का घर रेलवे लाइन के बिल्कुल समीप स्थित है। घर एक ओर है जबकि दूसरी ओर उनका बासा (खेत) है, जहां से परिवार के लोग अक्सर जलावन आदि लाने जाते थे।
रविवार को भी कोमल देवी जलावन लाने के लिए पटरी पार कर बासा की ओर जा रही थी। इसी दौरान उनका तीन वर्षीय पुत्र मंत्री कुमार आगे बढ़कर रेलवे पटरी की तरफ चला गया। बच्चे को पटरी की ओर जाते देख कोमल देवी उसे बचाने के लिए तुरंत पीछे दौड़ी। इसी बीच अचानक ट्रेन आ गई और मां-बेटा दोनों उसकी चपेट में आ गए। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताया कि कोमल देवी के पति मुकेश पंडित पंजाब के जालंधर में मजदूरी करते हैं। वहीं जालंधर में ही महिला के पति, भाई और पिता एक साथ काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही सभी लोग तुरंत घर के लिए रवाना हो गए हैं।
मृतका का मायका गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव में बताया जाता है। परिवार वालों ने बताया कि कोमल देवी की एक छह माह की मासूम बेटी “लाडो” भी है, जो अब अपनी मां के साये से वंचित हो गई है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रंगरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।















