0
(0)

नवगछिया : महिला थाना नवगछिया में दहेज प्रताड़ना का एक मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ज्योति कुमारी (25) ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज के लिए मारपीट करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ज्योति कुमारी, पिता सुशील रजक, मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि वर्ष 2023 में उनकी शादी भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीराचक निवासी मुकेश कुमार रजक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहने लगीं और शुरू में सब कुछ सामान्य रहा।

पीड़िता के अनुसार कुछ समय बाद उनके पति मुकेश कुमार रजक, सास मंजू देवी, देवर पंकज रजक और गोतनी मोनी देवी ने दहेज की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। ससुराल पक्ष की ओर से तीन लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। पैसे नहीं लाने पर पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने की धमकी भी दी जाती थी।

ज्योति कुमारी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कई बार उन्हें कमरे में बंद कर बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, एक बार उनकी जान लेने की नीयत से गला दबाने की भी कोशिश की गई। उन्होंने यह भी बताया कि ससुराल वालों के दबाव में आकर उनके पिता से एक लाख रुपये भी ले लिये गये, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ।

पीड़िता ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घर से भगा दिया और तब से उन्हें ससुराल में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। साथ ही उनके पति की दूसरी शादी भी तय कर दी गई है।

इस मामले में पीड़िता ने महिला थाना नवगछिया में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं दहेज निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई साक्षी सिंह को सौंपी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: