


भागलपुर के दाऊदबाट इलाके में रसोई गैस लेने के लिए सोमवार सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गैस एजेंसी के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़े लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि गैस वितरण के दौरान उनके मोबाइल फोन पर ओटीपी (OTP) नहीं आने की वजह से सिलेंडर प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है। इस कारण कई लोगों को घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ा। बढ़ती भीड़ और देरी के कारण लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
हालांकि एचपी गैस के डिस्ट्रीब्यूटर ने गैस की कमी की खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया है। उनका कहना है कि मध्य-पूर्व में चल रहे युद्ध की खबरों के बाद लोगों में डर का माहौल बन गया है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग एक साथ गैस लेने पहुंच रहे हैं। इससे एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
इधर स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित आपूर्ति संकट और जमाखोरी को रोकने के लिए भागलपुर अनुमंडल क्षेत्र में 22 दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की तैनाती की गई है। इनकी निगरानी में गैस गोदामों से सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि सभी दंडाधिकारियों को संबंधित गैस एजेंसियों पर पहुंचकर अपनी निगरानी में गैस वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों से बचें। जरूरत के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।















