


भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत कमरगंज पंचायत के क्रिकेट मैदान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबला कमरगंज और जहांगीरा टीम के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कमरगंज पंचायत के मुखिया भरत कुमार उपस्थित थे। उनके साथ जिला परिषद सदस्या आशा जायसवाल, सरपंच कृष्ण कुमार यादव, उपसरपंच राजीव कुमार उर्फ मनोज कुमार, समाजसेवी मुन्ना मंडल, अरविंद यादव तथा वार्ड सदस्य सह चिकित्सक डॉ. मन्नी झा भी मौजूद रहे।
फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि भरत कुमार द्वारा फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इसके बाद मैच की शुरुआत हुई।
रोमांचक मुकाबले में कमरगंज की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कमरगंज के खिलाड़ियों ने 14 ओवर में 161 रन बनाकर अपनी पूरी टीम ऑल आउट कर दी। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जहांगीरा की टीम 14 ओवर में 9 विकेट खोकर 130 रन ही बना सकी।
इस प्रकार कमरगंज की टीम ने 31 रनों से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को मुख्य अतिथि द्वारा शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में योगेश कुमार, रोशन कुमार, छोटू कुमार, मुकेश साह, नंदन कुमार, आयोजक फिरोज कुमार, ओम कुमार, अभिषेक कुमार सहित दर्जनों खिलाड़ी और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।















