


नवगछिया में वाहन जांच के दौरान मद्यनिषेध विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वैन से 640 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। जब्त की गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹12,67,200 आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना जिले के खुसरूपुर निवासी 31 वर्षीय अरविंद बिंद (पिता—डोमन बिंद) के रूप में हुई है। यह कार्रवाई इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक के पास मद्यनिषेध विभाग की टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक दानी प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने जाह्नवी चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन के अंदर 640 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया, जिसे अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। जब वाहन चालक से कफ सिरप से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन और कफ सिरप की पूरी खेप को जब्त कर लिया।
इस सफल कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक अर्जुन कुमार महतो सहित मद्यनिषेध विभाग के सिपाही और होमगार्ड के जवानों की भी अहम भूमिका रही। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।















