


रंगरा चेकपोस्ट के समीप एनएच-31 पर सुबह हुआ दर्दनाक हादसा
नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगरा चेकपोस्ट के समीप एनएच-31 पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक आंशिक रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र के सिमरिया निवासी फंटूश कुमार (30 वर्ष), पिता पारो मंडल के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान सिमरिया निवासी सुबोध सिंह के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, फंटूश कुमार अपने गांव के ही सुबोध सिंह के साथ बाइक से कटिहार जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे रंगरा चेकपोस्ट के पास ओवरटेक करने के क्रम में तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फंटूश कुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे सुबोध सिंह आंशिक रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन समेत तेज रफ्तार में नवगछिया की ओर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
वहीं घायल सुबोध सिंह को प्राथमिक उपचार के लिए रंगरा पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचे, जहां शव को देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया और हर किसी की आंखें नम हो गईं।
इस संबंध में यातायात थानाध्यक्ष पुनि सुजीत वारसी ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अज्ञात हाइवा की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।















