


नवगछिया में श्री रामचरितमानस नवाह पारायण यज्ञ समिति के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री रामचरितमानस नवाह पारायण यज्ञ एवं श्री राम कथा के अमृत वर्षा का 51वां वार्षिक आयोजन 19 मार्च 2026, गुरुवार से प्रारंभ होगा। यह धार्मिक आयोजन 27 मार्च 2026 तक घाट ठाकुरवाड़ी, नवगछिया में बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ संपन्न किया जाएगा।
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस आयोजन में 25 विद्वान पंडितों द्वारा नवाह पारायण संगीतमय ढंग से प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं, संध्या समय में स्वामी विनोदानंद सरस्वती (प्रयागराज) एवं अन्य विद्वान कथावाचकों द्वारा संगीतमय श्री राम कथा का आयोजन रात्रि 7:00 बजे से 10:00 बजे तक किया जाएगा।
इससे पूर्व 18 मार्च 2026, बुधवार को सुबह 9:00 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः घाट ठाकुरवाड़ी पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।















