
22 नवंबर से 20 दिसंबर तक होगा आयोजन, 18 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण; 28 खेल विधाओं में प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
पूर्णिया। पनोरमा स्पोर्ट्स सीजन-11 में विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए 51 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पनोरमा ग्रुप के निदेशक एवं स्पोर्ट्स अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

पनोरमा ग्रुप द्वारा निर्मित पनोरमा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ई-होम्स पूर्णिया में 22 नवंबर से बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। प्रतियोगिता का समापन 20 दिसंबर को होगा। आयोजन पांच चरणों में किया जाएगा। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी देश नेपाल और देश के अन्य राज्यों से भी खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है।
युवाओं की मांग पर कई नए खेल शामिल
संजीव मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष युवा खिलाड़ियों के अनुरोध पर लॉन टेनिस, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, हैंडबॉल और खो-खो को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। इसके अलावा 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए कैरम बोर्ड प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और जिला प्रशासन की ओर से खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पूर्णिया में वेटलिफ्टिंग की शुरुआत के बाद खिलाड़ियों की रुचि बढ़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए वेटलिफ्टिंग को भी पनोरमा स्पोर्ट्स सीजन-11 का हिस्सा बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी अधिक से अधिक युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार अलग-अलग खेलों से जोड़ने और उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा।
अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग में होंगी प्रतियोगिताएं
आयोजन समिति के सदस्य हरिओम झा ने बताया कि पनोरमा स्पोर्ट्स सीजन-11 में अंडर-14, अंडर-17 और ओपन टू ऑल वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रमुख वर्गों में पुरस्कार राशि इस प्रकार निर्धारित की गई है।
- अंडर-14 वर्ग: विजेता टीम को 10,000 रुपये और उपविजेता टीम को 5,000 रुपये।
- अंडर-17 वर्ग: विजेता टीम को 15,000 रुपये और उपविजेता टीम को 10,000 रुपये।
- ओपन टू ऑल वर्ग: विजेता टीम को 21,000 रुपये और उपविजेता टीम को 15,000 रुपये।
- विशेष आमंत्रित क्रिकेट प्रतियोगिता: विजेता टीम को 51,000 रुपये और उपविजेता टीम को 31,000 रुपये का चेक दिया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार, निर्धारित प्रोत्साहन राशि से खिलाड़ियों को खेल सामग्री, पोशाक और अन्य आवश्यक संसाधन जुटाने में सहायता मिलेगी।
पनोरमा स्टार में भी मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
खेल प्रतियोगिताओं के साथ पनोरमा स्टार कार्यक्रम के तहत भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट वीडियो बनाने वालों के लिए पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार 1,01,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 51,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 11,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा गायन और नृत्य के लिए भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए मिस पनोरमा प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को पनोरमा से संबंधित वीडियो बनाकर इंटरनेट के माध्यम से साझा करना होगा।
28 खेल विधाओं में प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका
पनोरमा स्पोर्ट्स सीजन-11 में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, तैराकी, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम बोर्ड, कुश्ती, कबड्डी, वेटलिफ्टिंग, खो-खो, हैंडबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, साइकिलिंग, घुड़सवारी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी।
एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक और गोला फेंक जैसी स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में पूर्णिया जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों, कार्यालयों, संस्थानों, क्लबों और संगठनों के बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागी निर्धारित नियमों के अनुसार हिस्सा ले सकेंगे।
कई खेल मैदानों पर आयोजन की तैयारी
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिताओं के लिए पनोरमा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के साथ जिला स्कूल खेल मैदान, जिला स्कूल स्टेडियम, खेल भवन सह व्यायामशाला, महात्मा गांधी इनडोर स्टेडियम, डीएसए ग्राउंड, सेंट मौसेस स्कूल, मिल्लिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल, एमआईटी रामबाग, उर्स लाइन कॉन्वेंट स्कूल सिटी, सेंट पीटर्स हिंदी मीडियम स्कूल, डीएवी, विद्या विहार आवासीय विद्यालय, जीडी गोयनका, वीवीआईटी मरंगा, राजकीय गर्ल्स हाई स्कूल खेल मैदान, गुलाबबाग मेला ग्राउंड और मुंशीबाड़ी गुलाबबाग सहित अन्य स्थानों पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है। इसके लिए संबंधित विद्यालयों और संस्थानों से विचार-विमर्श किया जा रहा है।
18 नवंबर शाम 6 बजे तक होगा पंजीकरण
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी पनोरमा कॉरपोरेट कार्यालय, जिला स्कूल रोड, हरिओम स्पोर्ट्स, खीरू चौक और एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र, जिला स्कूल पूर्णिया से पंजीकरण फॉर्म प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए आयोजन समिति के सदस्य हरिओम झा से मोबाइल नंबर 9934468640 और 9471809469 पर संपर्क किया जा सकता है।
हरिओम झा ने खेल प्रेमियों, विद्यालयों और अभिभावकों से पनोरमा स्पोर्ट्स सीजन-11 से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुभव हासिल करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।















