
मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर महापौर ने परिजनों से की मुलाकात, दुख की घड़ी में हरसंभव साथ देने का दिया भरोसा
पूर्णिया। कोचैली, डगरुआ निवासी व्यवसायी विनय कुमार उर्फ बबलू विश्वास के सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन पर महापौर विभा कुमारी और पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार देर रात महापौर राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पहुंचीं। वहां उन्होंने घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि बबलू विश्वास का अचानक इस दुनिया से चले जाना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उनका निधन केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस असहनीय दुख को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं, जितेंद्र यादव ने बबलू विश्वास के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे उनके भाई समान मित्र थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना व्यक्तिगत रूप से भी बेहद पीड़ादायक है। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
जितेंद्र यादव ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
















