
जय कृष्ण विचार मंच ने लिया फैसला, 31 अक्टूबर को टाउन हॉल में होना था 151वीं जयंती समारोह का आयोजन
पूर्णिया। व्यवसायी एवं समाजसेवी विनय कुमार उर्फ बबलू विश्वास के असामयिक निधन के कारण जय कृष्ण विचार मंच, पूर्णिया के तत्वावधान में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाला लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह स्थगित कर दिया गया है। यह कार्यक्रम पूर्णिया के टाउन हॉल में आयोजित होना था, जिसकी तैयारी मंच के सदस्यों की ओर से लगभग पूरी कर ली गई थी।

मंच की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बबलू विश्वास की 29 अक्टूबर को पूर्णिया में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी। वे मंच से वैचारिक रूप से जुड़े प्रतिष्ठित व्यवसायी और समाजसेवी थे। उनके असामयिक निधन से लव-कुश समाज सहित पूरे पूर्णिया जिले में शोक का माहौल है। इसी को देखते हुए मंच ने शोक की इस घड़ी में जयंती समारोह स्थगित करने का निर्णय लिया।
जिला भर से जुटने वाले थे सैकड़ों लोग
मंच के अनुसार, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती समारोह में जिले भर से सैकड़ों लोगों के शामिल होने की संभावना थी। आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं, लेकिन बबलू विश्वास के निधन से उपजे शोक के कारण कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया गया है। मंच की ओर से जल्द ही अगली बैठक बुलाकर नए कार्यक्रम की तिथि निर्धारित की जाएगी।
दिवंगत साथी को दी श्रद्धांजलि
आपात बैठक के दौरान मंच के सदस्यों ने बबलू विश्वास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और इस कठिन समय में उन्हें धैर्य बनाए रखने की अपील की।

बैठक में विजय राय, रमेश कुशवाहा, राकेश कुमार, अमरेंद्र कुशवाहा, पंकज पटेल, नीरज मेहता, उपेंद्र कुमार सिंह, प्रदीप मेहता, मुकुंद मंडल, ललन मेहता, संतोष राय, इंजीनियर सुनील कुशवाहा, अशोक मंडल और अविनाश कुमार सहित मंच के कई सदस्य उपस्थित रहे।















