


नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 15 दिन के नवजात शिशु की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हृदयविदारक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, काजल देवी अपने नवजात बेटे के साथ मायके आई हुई थीं। मंगलवार की सुबह घर के अन्य सदस्य छत पर मौजूद थे, जबकि मासूम कमरे में अकेला सो रहा था। इसी बीच बच्चों के बीच एक मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया।
आरोप है कि पड़ोसी जयहिंद पासवान विवाद से आक्रोशित होकर घर में घुस गए और सो रहे नवजात को तकिये से दबाकर उसकी जान ले ली। घटना के समय उनकी पत्नी नीलम देवी बाहर खड़ी रहीं और हस्तक्षेप नहीं किया।
परिजनों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी का मोबाइल फोन और चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गया, जिससे उसकी पहचान हो सकी। परिजनों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपी को भागने में मदद की।
घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही खरीक थाना प्रभारी नरेश कुमार और पुलिस पदाधिकारी विक्रम कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी जयहिंद पासवान और उनकी पत्नी नीलम देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक घटना के बाद मां काजल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि उनके पहले से तीन बेटियां हैं और यह उनका इकलौता बेटा था। बच्चे के पिता बाहर मजदूरी करते हैं और घटना की सूचना मिलते ही घर लौट रहे हैं।
इस अमानवीय घटना ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।














