


भागलपुर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 58 एलपीजी गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की 33, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की 16 तथा भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की 9 एजेंसियां शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि सभी गैस कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों, अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ प्रतिदिन गैस आपूर्ति की समीक्षा की जा रही है, ताकि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सभी प्रखंडों में छापेमारी दल (धावा बल) का गठन किया गया है। साथ ही, एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी घरेलू उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा, जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे (24×7) संचालित रखा गया है, जहां उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निवारण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिले में कुल 12,498 उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति की गई, जो कि सुचारु वितरण व्यवस्था का प्रमाण है।
प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और सख्ती के कारण जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था सामान्य एवं नियंत्रण में बनी हुई है।















