5
(1)

नवगछिया : साल की पहली ही बारिश ने नवगछिया में बिजली विभाग के मेंटेनेंस के दावों की पोल खोल कर रख दी है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, बारिश के बाद नवगछिया मुख्य बाजार, रंगरा फीडर क्षेत्र समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती रही। कई स्थानों पर लगातार छह-छह घंटे तक बिजली गुल रही। शनिवार को भी हालात में कोई खास सुधार नहीं दिखा और कई इलाकों में फिर से लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

रंगरा फीडर क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब दो बजे से ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा समय-समय पर मेंटेनेंस के नाम पर बिजली काटी जाती है, लेकिन बारिश शुरू होते ही पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है।

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली बिल समय पर वसूला जाता है, लेकिन बदले में नियमित और सुचारू आपूर्ति नहीं मिलती। कई जगहों पर तकनीकी खराबी (फॉल्ट) ढूंढने और उसे ठीक करने में भी विभागीय टीमों द्वारा देरी की जा रही है, जिससे घंटों तक बिजली बहाल नहीं हो पा रही है।

हालांकि, कुछ स्थानों पर बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं, लेकिन लगातार बाधित आपूर्ति से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गर्मी के इस मौसम में बिजली नहीं रहने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यवसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

इस संबंध में नवगछिया विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता पवन कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कई स्थानों पर तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई है। पेड़ों की डालियां टूटकर तारों पर गिर गई हैं और कई जगह तार झुक जाने से आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग टीमों को मरम्मत कार्य में लगाया गया है और जल्द ही सभी फॉल्ट दूर कर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: